Narendra Modi cabinet decision: नरेंद्र मोदी कैबिनेट का बड़ा दांव, चुनावी साल में असम को मिल सकती है बड़ी सौगात

2 Min Read

Narendra Modi cabinet decision:

दिसपुर, एजेंसियां। चुनावी साल में असम को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी बुनियादी सौगात मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आज साउथ ब्लॉक में होने वाली कैबिनेट की अहम बैठक में ₹40,000 करोड़ से अधिक की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को मंजूरी दे सकती है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित असम दौरे से पहले इन योजनाओं पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

ब्रह्मपुत्र के नीचे बनेगी सड़क-सह-रेल सुरंग

इन परियोजनाओं में सबसे प्रमुख लगभग ₹19,000 करोड़ की ब्रह्मपुत्र सड़क-सह-रेल सुरंग है। प्रस्तावित सुरंग ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे बनाई जाएगी और गोहपुर को नुमालीगढ़ से जोड़ेगी। यह ट्विन-ट्यूब संरचना होगी, जिसमें एक ट्यूब सड़क यातायात और दूसरी रेल परिचालन के लिए इस्तेमाल की जाएगी।परियोजना पूरी होने के बाद दोनों स्थानों के बीच यात्रा समय करीब 6.5 घंटे से घटकर लगभग 30 मिनट रह जाने का अनुमान है। इससे न केवल राज्य के भीतर आवागमन आसान होगा, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी बड़ा बल मिलेगा।

सामरिक और आर्थिक दृष्टि से अहम

इस सुरंग को सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर जैसे सीमावर्ती राज्यों से संपर्क मजबूत करेगी। रक्षा लॉजिस्टिक्स, आपदा प्रबंधन और आपूर्ति श्रृंखला के लिहाज से भी यह परियोजना उपयोगी साबित हो सकती है।सूत्रों के अनुसार, परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट को अंतर-मंत्रालयी समिति पहले ही मंजूरी दे चुकी है। आज की कैबिनेट बैठक में सड़क और रेलवे क्षेत्र की अन्य परियोजनाओं पर भी फैसला संभव है। कुल मिलाकर, चुनावी वर्ष में यह पैकेज असम के विकास एजेंडे को नई गति देने वाला कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Exit mobile version