Rohit Shetty house firing
मुंबई, एजेंसियां। मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी मामले में मुंबई पुलिस ने जांच को और सख्त करते हुए पांचों आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) की धाराएं लगा दी हैं। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। पुलिस को इस हमले के पीछे संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क की आशंका है।
31 जनवरी को हुई थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, 31 जनवरी की देर रात अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग की थी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन एक गोली बिल्डिंग के अंदर स्थित जिम के शीशे पर लगी थी। वारदात के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पांच आरोपी गिरफ्तार
अब तक इस मामले में क्राइम ब्रांच ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18), स्वप्निल सकट (23) और आसाराम फासले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के संभावित संगठित गिरोह से जुड़े होने की जांच की जा रही है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से लिंक की जांच
मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोनकर का नाम भी सामने आया है, जो इस केस में वॉन्टेड है। उसने कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। लोनकर इससे पहले एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में भी वांछित बताया जा चुका है।
आज होगी कोर्ट में पेशी
गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों को आज स्पेशल MCOCA कोर्ट (सेशंस कोर्ट) में पेश किया जाएगा। पुलिस उनकी कस्टडी अवधि बढ़ाने की मांग कर सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की रिमांड आज खत्म हो रही है, इसलिए उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। मुंबई पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध से जुड़े संभावित कनेक्शन की गहन जांच जारी है और मामले में आगे भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
