Khemchand Singh oath ceremony: हिंसा के दौर के बाद मणिपुर में नई सरकार, आज शपथ लेंगे खेमचंद सिंह

2 Min Read

Khemchand Singh oath ceremony:

इंफाल, एजेंसियां। मणिपुर में लंबे समय से लागू राष्ट्रपति शासन को समाप्त कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। राज्य में फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू था, जिसे लगातार हिंसा और अस्थिरता की स्थिति के कारण लागू किया गया था। राष्ट्रपति शासन हटने के साथ ही राज्य में लोकतांत्रिक सरकार की वापसी का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने उम्मीद जताई है कि नई सरकार के नेतृत्व में मणिपुर शांति, विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ेगा।

आज शाम 6 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता युमनाम (वाई) खेमचंद सिंह आज शाम 6 बजे मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह इंफाल स्थित लोक भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीजेपी की मणिपुर इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। समारोह में राज्य के वरिष्ठ नेता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

राज्यपाल से मिलकर पेश किया सरकार बनाने का दावा

62 वर्षीय खेमचंद सिंह ने मुख्यमंत्री बनने से पहले राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रतिनिधिमंडल ने भी राज्यपाल से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में चुराचांदपुर और फेरजॉल जिलों के कुकी-जो समुदाय से जुड़े दो विधायक भी शामिल थे, जिससे गठबंधन की व्यापक भागीदारी का संकेत मिलता है।

बीजेपी और एनडीए विधायक दल का नेतृत्व संभाला

खेमचंद सिंह को मंगलवार को नई दिल्ली में बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्हें एनडीए विधायक दल का भी नेता घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ पांच अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। नई सरकार से उम्मीद जताई जा रही है कि वह राज्य में स्थिरता कायम करने और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share This Article