Delhi-NCR air quality: दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण पर संसद में आज बड़ी चर्चा, प्रियंका, कनिमोझी और बांसुरी होंगी आमने-सामने

2 Min Read

Delhi-NCR air quality

नई दिल्ली, एजेंसियां। संसद के शीतकालीन सत्र के 14वें दिन आज दिल्ली-एनसीआर में गंभीर होते वायु प्रदूषण के मुद्दे पर लोकसभा में विस्तृत चर्चा होगी। राजधानी में लगातार खराब होती हवा और बढ़ते एक्यूआई के चलते आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर यह बहस नियम 193 के तहत शॉर्ट ड्यूरेशन डिस्कशन के रूप में कराई जाएगी। इस चर्चा के लिए लोकसभा में कुल चार घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

चर्चा की शुरुआत

चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी। इसके बाद डीएमके सांसद कनिमोझी और बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज अपने-अपने पक्ष रखेंगे। प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के प्रमुख नेता अपनी बात रखेंगे। बीजेपी की ओर से निशिकांत दुबे और संजय जायसवाल भी चर्चा में हिस्सा लेंगे। बहस के अंत में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव सरकार की ओर से जवाब देंगे।

यह चर्चा बेहद अहम मानी जा रही है

दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। कई इलाकों में एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच चुका है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। इसी पृष्ठभूमि में संसद में यह चर्चा बेहद अहम मानी जा रही है।इससे पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रदूषण को लेकर सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील हो चुकी है और आम आदमी का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने केंद्र और पूर्व राज्य सरकारों दोनों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

गौरतलब है कि संसद का शीतकालीन सत्र कुल 15 दिनों का है और इसका अंतिम दिन 19 दिसंबर को होगा। सत्र के आखिरी चरण में वायु प्रदूषण जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों पर होने वाली यह बहस राजनीतिक और नीतिगत दोनों दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Share This Article