Mahant Nritya Gopal Das Health: श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, 36 घंटे से नहीं किया भोजन

Juli Gupta
2 Min Read

Mahant Nritya Gopal Das Health:

अयोध्या, एजेंसियां। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि पिछले 36 घंटे से उन्होंने कुछ भी भोजन नहीं किया, जिससे उनकी हालत लगातार कमजोर होती चली गई। इस दौरान उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत भी बनी रही।

डॉक्टरों ने बेहतर उपचार की सलाह दी

स्वास्थ्य में गिरावट की सूचना मिलते ही अयोध्या में श्रीराम अस्पताल के सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. एस.के. पाठक ने उनका प्रारंभिक परीक्षण किया। जांच में स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार की सलाह दी, जिसके बाद महंत नृत्य गोपाल दास को अयोध्या से लखनऊ रेफर किया गया। उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास स्वयं उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हुए।

Medanta Hospital में भर्ती

लखनऊ पहुंचने पर उन्हें Medanta Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी विस्तृत जांच और इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उन्हें कड़ी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

महंत नृत्य गोपाल दास के अस्वस्थ होने की खबर से संत समाज, रामभक्तों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। देशभर में उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ प्रार्थनाएं की जा रही हैं। ट्रस्ट प्रशासन भी उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति की नियमित जानकारी ली जा रही है।

Share This Article