Goa nightclub incident: 25 मौतों के आरोपी लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड में पकड़े गए, भारत प्रत्यर्पण की तैयारी तेज

3 Min Read

Goa nightclub incident

पणजी,एजेंसियां। गोवा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्लब के दो प्रमुख मालिक और आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा भारत से भागकर थाईलैंड पहुंच गए थे। अब दोनों को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। भारत सरकार द्वारा पासपोर्ट निलंबित/रद्द किए जाने के बाद उनके ठहराव की स्थिति अवैध हो गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।गोवा पुलिस को थाईलैंड से आधिकारिक सूचना मिल गई है और दोनों को जल्द ही भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इंटरपोल ने पूर्व में दोनों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था, जिससे गिरफ्तारी में मदद मिली।

6 दिसंबर की रात हुआ था भीषण अग्निकांड

गोवा नाइट क्लब में आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। हादसे के बाद क्लब के चार मालिकों में से एक अजय गुप्ता (दिल्ली निवासी) को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के बाद अदालत ने उसे 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर गोवा पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में अजय ने खुद को “सिर्फ बिजनेस पार्टनर” बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश की।

लूथरा ब्रदर्स की फरारी और इंटरपोल की सक्रियता

हादसे के तुरंत बाद सौरभ और गौरव लूथरा दिल्ली से फ्लाइट लेकर थाईलैंड भाग गए थे। लेकिन पासपोर्ट रद्द होने के बाद वे किसी अन्य देश नहीं निकल सके। थाई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और अब प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज हो गई है।
क्लब के एक और मालिक सुरिंदर कुमार खोसला, जो ब्रिटिश नागरिक हैं, के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है।

आगे क्या?

लूथरा ब्रदर्स को भारत लाकर गोवा पुलिस उनसे क्लब की लाइसेंसिंग, फायर सेफ्टी उल्लंघन, अवैध संरचनाओं, स्टाफ की सुरक्षा लापरवाही और हादसे के कारणों पर गहन पूछताछ करेगी।यह गिरफ्तारी मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है, जिससे पूरे नेटवर्क और जिम्मेदारियों का सच सामने आने की उम्मीद है।

Share This Article