Lawrence Bishnoi gang:
नई दिल्ली, एजेंसियां। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़े फरार अपराधी शुभम लोनकर द्वारा बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कम से कम पांच बड़े नामों को रंगदारी के लिए धमकी भरे फोन कॉल किए गए हैं। हालांकि, डर और सुरक्षा चिंताओं के कारण अभी तक किसी भी सेलिब्रिटी ने इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
क्या है मामला?
यह मामला हाल ही में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद और गंभीर हो गया है। जांच कर रही पुलिस का मानना है कि इस हमले का उद्देश्य केवल एक व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल पैदा करना था। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें खुफिया जानकारी मिली है कि कई लोगों को धमकी भरे संदेश और कॉल प्राप्त हुए हैं, लेकिन वे सामने आने से बच रहे हैं।
शुभम लोनकर ने रोहित शेट्टी को दी चेतावनी
सोशल मीडिया पर सामने आई एक कथित पोस्ट में शुभम लोनकर ने रोहित शेट्टी को चेतावनी देते हुए लिखा कि यह घटना केवल “ट्रेलर” है और अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो अगला हमला और गंभीर हो सकता है। हालांकि, रोहित शेट्टी ने किसी भी तरह के धमकी भरे कॉल मिलने से इनकार किया है।पुलिस ने फायरिंग की घटना की जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं, जिन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की साजिश और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को रंगदारी वसूली और आपराधिक दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देख रही है। इससे पहले भी बिश्नोई गैंग द्वारा कुछ फिल्मी हस्तियों को धमकाने के मामले सामने आ चुके हैं।











