नई दिल्ली। बरसात के मौसम में बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है, खासकर मच्छरों के कारण फैलने वाली बीमारियां जैसे डेंगू और मलेरिया तेजी से फैलती हैं।
बारिश के बाद जमे हुए पानी में मच्छरों के पनपने से यह खतरा और भी बढ़ जाता है। शाम होते ही घर की छत, बालकनी या आंगन में मच्छरों का आतंक शुरू हो जाता है, जिनमें से कुछ इतने छोटे होते हैं कि दिखाई भी नहीं देते।
ऐसे में कुछ खास सावधानियों का पालन कर और कुछ विशेष पौधे लगाकर मच्छरों से बचाव किया जा सकता है।
मच्छरों से बचाव के उपाय
- बॉडी को कवर रखें: मच्छरों से बचने के लिए लंबी बाजू वाले कपड़े पहनें और शरीर को पूरी तरह से ढक कर रखें।
- साफ-सफाई पर ध्यान दें: घर और आसपास की सफाई का खास ध्यान रखें। पानी को कहीं भी जमा न होने दें, क्योंकि डेंगू फैलाने वाले मच्छर इसी में पनपते हैं।
- मॉस्किटो रिपेलेंट का उपयोग करें: सुबह और शाम के समय मच्छरों का आतंक अधिक रहता है, इसलिए मॉस्किटो रिपेलेंट का उपयोग करें।
- दरवाजे-खिड़कियां बंद रखें: बरसात के समय विशेषकर शाम के समय घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें।
- कपूर का प्रयोग करें: कपूर की खुशबू से मच्छर भागते हैं। इसे घर में जलाएं या पानी में डालकर रख सकते हैं।
मच्छर भगाने वाले पौधे
- तुलसी: तुलसी का पौधा अपने औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है और मच्छरों को दूर भगाने में भी कारगर है। इसे घर के बाहर या अंदर कहीं भी लगा सकते हैं। तुलसी की खुशबू न केवल हवा को शुद्ध करती है, बल्कि मच्छरों और छोटे कीड़ों को भी दूर रखती है।
- लेमन ग्रास: लेमन ग्रास के पौधे की खुशबू से मच्छर दूर भागते हैं। यह पौधा मच्छर भगाने वाली कई दवाओं में भी इस्तेमाल होता है। इसे घर की बालकनी या आंगन में लगाकर मच्छरों से छुटकारा पाया जा सकता है।
इन उपायों और पौधों के माध्यम से आप बारिश के मौसम में मच्छरों से बच सकते हैं और डेंगू-मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से अपने परिवार की सुरक्षा कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें