Jaswinder Bhalla:
चंडीगढ़, एजेंसियां। पंजाबी सिनेमा से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता और हास्य कलाकार डॉ. जसविंदर भल्ला का आज सुबह (22 अगस्त 2025) निधन हो गया। 65 वर्षीय भल्ला जी ने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ लाखों चाहनेवालों के बीच गहरा शोक फैल गया है।
कौन है जसविंदर भल्ला ?
जसविंदर भल्ला सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक शिक्षाविद और सच्चे कलाकार थे। उन्होंने पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (PAU), लुधियाना में बतौर प्रोफेसर सेवाएं दीं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर साइंस में पीएचडी की थी।कॉमेडी को लेकर उनका नजरिया साफ था बिना वल्गैरिटी के लोगों को हँसाना उनका मानना था कि साफ-सुथरा हास्य भी दर्शकों को गुदगुदा सकता है।
सिनेमा में हास्य का दूसरा नाम थे जसविंदर भल्ला
भल्ला ने पंजाबी सिनेमा में कॉमेडी को एक नई पहचान दी। ‘छनकटा’ कॉमेडी सीरीज़ में ‘चाचा चतुर सिंह’ और ‘भाना’ जैसे यादगार किरदार निभाकर वे घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे।
उनकी प्रमुख फिल्मों में शामिल हैं:
कैरी ऑन जट्टा
जिंद जान
गड्डी चलती है छलांगा मार के
बैंड बाजे
उनकी संवाद अदायगी और व्यंग्यात्मक शैली दर्शकों को न केवल हँसाती थी, बल्कि समाज पर हल्का-फुल्का कटाक्ष भी करती थी।
अंतिम संस्कार और विदाई
जसविंदर भल्ला का अंतिम संस्कार 23 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजे, मोहाली के बलोंगी श्मशान घाट में किया जाएगा।
उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में फैन्स और फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों के जुटने की उम्मीद है।
जसविंदर भल्ला को श्रद्धांजलि
उनके निधन से एक युग का अंत हुआ है। ऐसा युग जिसने शब्दों और सादगी से हँसाना सिखाया। उनकी कमी को कोई नहीं भर सकता, लेकिन उनका काम और स्मृतियाँ हमेशा हमारे साथ रहेंगी।
इसे भी पढ़ें
Subhash Chandra Bose Charitra : प्रेरणादायी है सुभाष चंद्र बोस का चरित्र







