Infosys fresher salary
नई दिल्ली, एजेंसियां। अगर आप आईटी सेक्टर में करियर शुरू करने वाले हैं या करना चाहते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। भारत की दिग्गज टेक कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने फ्रेशर्स के लिए एंट्री-लेवल सैलरी स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव करते हुए 21 लाख रुपये तक के सालाना पैकेज का ऐलान किया है। यह देश की आईटी इंडस्ट्री में अब तक की सबसे ऊंची एंट्री-लेवल सैलरी मानी जा रही है।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, इंफोसिस ने यह फैसला अपनी AI-फर्स्ट रणनीति को मजबूत करने के तहत लिया है। तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए कंपनी अब ऐसे फ्रेश टैलेंट को प्राथमिकता दे रही है, जिनके पास स्पेशलाइज्ड डिजिटल स्किल्स हैं। इसी दिशा में इंफोसिस वर्ष 2025 के इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस ग्रेजुएट्स के लिए एक बड़ा ऑफ-कैंपस हायरिंग ड्राइव शुरू करने जा रही है।
इस हायरिंग ड्राइव के तहत स्पेशलिस्ट प्रोग्रामर और डिजिटल स्पेशलिस्ट इंजीनियर जैसे रोल्स के लिए भर्ती की जाएगी। स्पेशलिस्ट प्रोग्रामर L3 (ट्रेनी) को 21 लाख रुपये प्रति वर्ष तक का पैकेज मिलेगा, जबकि L2 के लिए 16 लाख और L1 के लिए 11 लाख रुपये सालाना पैकेज तय किया गया है। वहीं डिजिटल स्पेशलिस्ट इंजीनियर (ट्रेनी) को 7 लाख रुपये प्रति वर्ष का ऑफर दिया जाएगा।
ये सभी पद कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल जैसी चुनिंदा शाखाओं के BE, BTech, ME, MTech, MCA और इंटीग्रेटेड MSc ग्रेजुएट्स के लिए खुले होंगे। कंपनी का कहना है कि अब केवल डिग्री नहीं, बल्कि AI, डेटा, क्लाउड और डिजिटल स्किल्स से लैस उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इंफोसिस ग्रुप के चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर शाजी मैथ्यू ने कहा कि कंपनी अपनी सभी सर्विस लाइनों में AI को केंद्र में रखकर काम कर रही है। इसके चलते न केवल मौजूदा कर्मचारियों को अपस्किल किया जा रहा है, बल्कि डिजिटल-रेडी नई पीढ़ी के टैलेंट की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। इसी रणनीति के तहत एंट्री-लेवल हायरिंग को पहले से कहीं ज्यादा आकर्षक बनाया गया है।








