Indigo flight crisis
नई दिल्ली, एजेंसियां। इंडिगो एयरलाइंस में जारी ऑपरेशनल संकट के 10 दिसंबर तक दूर होने की उम्मीद है। इस संकट का आज यानी सोमवार को सातवां दिन है। सोमवार को भी देश के कई बड़े एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानें रद्द होने की सूचना है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमान सेवा में गड़बड़ी को लेकर इंडिगो को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसका जवाब आज देना अनिवार्य है। इधर, इंडिगो ने 10 दिसंबर तक सेवाएं सामान्य होने के संकेत दिए हैं।
हैदराबाद और बेंगलुरु में बड़ी संख्या में फ्लाइटें रद्दः
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की 77 उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें 38 आने वाली और 39 जाने वाली फ्लाइटें कैंसिल कर दी गईं। बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 65 आने वाली और 62 जाने वाली फ्लाइटों को रद्द किया गया। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि अगला अपडेट शाम 6 बजे के बाद जारी किया जाएगा।
दिल्ली और मुंबई में स्थित गंभीरः
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो ने कुल 134 फ्लाइटें रद्द कीं। इनमें 75 डिपार्चर और 59 अराइवल शामिल हैं। लगातार उड़ानें बाधित होने से यात्रियों की यात्रा योजनाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं।
DGCA ने की अपील :
DGCA ने देश भर के पायलट संगठनों से अपील की है कि मौजूदा संकट के दौरान पूरा सहयोग दें। DGCA ने कहा कि खराब मौसम, सीजनल डिमांड और बढ़ते यात्री लोड के कारण एयरलाइन ऑपरेशन पर अतिरिक्त दबाव बना है। अपील में कहा गया कि कोहरे का मौसम, छुट्टियों का पीक टाइम और शादी का ट्रैवल सीजन आने वाला है, ऐसे में उड़ानों की सुरक्षा और सुचारु संचालन सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती है।
पायलटों से देरी और कैंसिलेशन कम करने का अनुरोधः
DGCA ने पायलटों से कहा है कि वे आसान ऑपरेशन, कम से कम देरी, कम से कम कैंसिलेशन और एयरलाइंस के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित करें। DGCA ने पायलटों की भूमिका को “अत्यंत महत्वपूर्ण” बताते हुए भरोसा जताया कि वे इस चुनौतीपूर्ण समय में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
पायलट संगठन का समर्थनः
DGCA की अपील के बाद एयरलाइंस पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा है कि वह DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ मिलकर स्थिति को सामान्य करने और यात्रियों की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।








