India-GCC trade deal
नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की है कि भारत और खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत फिर से शुरू होगी। यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब भारत हाल ही में यूरोपीय संघ (EU) और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौते कर चुका है। GCC में सऊदी अरब, UAE, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं, जो ऊर्जा और निवेश के लिहाज से भारत के लिए बेहद अहम साझेदार माने जाते हैं।
पीयूष गोयल के अनुसार
पीयूष गोयल के अनुसार, भारत और खाड़ी देशों के बीच व्यापारिक संबंध हजारों साल पुराने हैं। वर्तमान में लगभग एक करोड़ भारतीय इन देशों में रहकर वहां की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। प्रस्तावित FTA का उद्देश्य वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार को आसान बनाना, निवेश बढ़ाना और व्यापारिक नीतियों में स्थिरता लाना है।
यह पहल ऐसे समय में हो रही है जब क्षेत्रीय राजनीति में बदलाव देखने को मिल रहा है। सितंबर 2025 में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच सामरिक पारस्परिक रक्षा समझौता (SMDA) हुआ था। वहीं दूसरी ओर UAE और पाकिस्तान के संबंधों में कुछ तनाव देखने को मिला, जब इस्लामाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रबंधन से जुड़ा एक बड़ा समझौता रद्द हो गया।
भारत और UAE के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे है
इसी बीच भारत और UAE के रिश्ते लगातार मजबूत होते दिखाई दे रहे हैं। UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की हालिया भारत यात्रा के बाद दोनों देशों ने 2032 तक आपसी व्यापार को बढ़ाकर 200 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि GCC के साथ प्रस्तावित FTA भारत के निर्यात, ऊर्जा सुरक्षा और निवेश सहयोग को नई दिशा दे सकता है।







