Chiranjeevi Hanuman The Eternal: AI से बनी भारत की पहली फिल्म ‘चिरंजीवी हनुमान– द इटरनल’

2 Min Read

Chiranjeevi Hanuman The Eternal:

मुंबई, एजेंसियां। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव के बीच भारतीय सिनेमा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। एआई तकनीक से निर्मित फिल्म ‘चिरंजीवी हनुमान– द इटरनल’ की पहली झलक सामने आ गई है। यह फिल्म भगवान हनुमान की कथा पर आधारित है और इसे भारत की पहली ऐसी फिल्म बताया जा रहा है, जिसे पूरी तरह एआई की मदद से तैयार किया गया है। फिल्म के सिनेमाघरों में साल 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है।

कैसी है पहली झलक

1 मिनट 11 सेकंड के फर्स्ट ग्लिम्प्स वीडियो की शुरुआत मनमोहक झरनों और खूबसूरत वादियों से होती है। इसके बाद पर्वतीय गुफाओं और घने जंगलों के बीच पवन पुत्र हनुमान की दिव्य छवि दिखाई देती है। कैमरे की दमदार मूवमेंट के साथ हनुमान जी को हवा में विचरण करते हुए दर्शाया गया है। हाथों में गदा लिए हनुमान जी की पीठ दिखाई देती है, हालांकि उनका चेहरा अभी सामने नहीं लाया गया है। बैकग्राउंड में हनुमान चालीसा की पंक्तियां सुनाई देती हैं, जो वीडियो को आध्यात्मिक भाव से भर देती हैं।

नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक का निर्देशन

इस फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक राजेश मापुस्कर ने किया है। फिल्म का निर्माण आलोक जैन, अजीत अंधारे, विजय सुब्रमण्यम और विक्रम मल्होत्रा ने स्टार स्टूडियो 18 के सहयोग से किया है। निर्माताओं ने दावा किया है कि फिल्म में भगवान हनुमान की कथा को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से पूरी प्रामाणिकता के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।

2026 में रिलीज की तैयारी

फिल्म की कहानी से जुड़े ज्यादा विवरण फिलहाल सामने नहीं आए हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि ‘चिरंजीवी हनुमान– द इटरनल’ को 2026 में हनुमान जयंती के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज किया जा सकता है। पहली झलक ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।

Share This Article