हैदराबाद एयरपोर्ट पर फिर हड़कंप: लगातार तीसरे दिन बम धमकी वाला ईमेल, सभी फ्लाइट्स सुरक्षित

2 Min Read

Hyderabad airport bomb threat

तेलंगाना, एजेंसियां। तेलंगाना के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगातार तीसरे दिन बम धमकी वाले ईमेल आने से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। शनिवार सुबह फिर दो अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद आपात सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए दोनों विमानों को सुरक्षित लैंड कराया गया।

लंदन-हैदराबाद फ्लाइट BA277 को मिली धमकी:

एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक शनिवार (6 दिसंबर) की सुबह एयरपोर्ट की कस्टमर सपोर्ट आईडी पर ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से हैदराबाद आ रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA277 में बम रखा गया है।विमान सुबह 5:25 बजे सुरक्षित रूप से हैदराबाद पहुंचा, जहां उसे तुरंत आइसोलेटेड बे में ले जाकर यात्रियों को निकाला गया और CISF व बम-स्क्वॉड ने पूरी तलाशी ली। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

कुवैत से आ रही फ्लाइट KU373 ने की इमरजेंसी लैंडिंग:

उसी ईमेल में कुवैत-हैदराबाद फ्लाइट KU373 में भी बम होने का दावा था। पायलट ने जानकारी मिलते ही कुवैत में ही आपात लैंडिंग की। यात्रियों को सुरक्षित उतारकर विमान की गहन तलाशी ली गई। यहां भी धमकी निराधार पाई गई।

एक दिन पहले भी मिली थी धमकी:

5 दिसंबर को भी इसी कस्टमर सपोर्ट आईडी पर ईमेल आया था, जिसमें दिल्ली से हैदराबाद आ रही एयर इंडिया फ्लाइट AI2879 में बम होने की चेतावनी दी गई थी।विमान को रात 8:45 बजे सुरक्षित लैंड कराया गया और जांच में धमकी फर्जी निकली।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर, साइबर टीम कर रही जांच:

लगातार तीन दिन धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हैं। साइबर सेल ईमेल के सोर्स और IP एड्रेस को ट्रैक कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है, लेकिन सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जाएगी।एयरपोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई है और सभी उड़ानों की जांच प्रक्रिया सख्त कर दी गई है।

Share This Article