Heavy rains in Himachal:
शिमला,एजेंसियां। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार सुबह 10 बजे तक राज्य में भूस्खलन और पानीभराव के कारण तीन नेशनल हाईवे सहित 577 सड़कें बंद रहीं। कुल्लू जिले में सबसे अधिक 211 सड़कें बंद हुईं, जबकि मंडी में 154, शिमला में 72, कांगड़ा में 42, चंबा में 30 और सिरमौर में 29 सड़कें प्रभावित हुईं। इसके अलावा 812 बिजली ट्रांसफार्मर और 369 जल आपूर्ति योजनाएं भी बाधित हुईं।
Heavy rains in Himachal: मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार
राज्य के शिमला सहित कई हिस्सों में रातभर रुक-रुककर बारिश जारी रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर 17 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। 13 और 14 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं से हिमाचल में बाढ़ और सड़क हादसों की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस मानसून सीजन में 20 जून से 10 सितंबर तक 380 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 439 लोग घायल और 40 लोग अभी भी लापता हैं। इसी दौरान 165 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई। राज्य में 7,212 कच्चे और पक्के मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा, 5,612 गोशालाएं प्रभावित हुईं और 1,999 पालतू पशुओं की मौत हुई।
Heavy rains in Himachal: मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बारिश
मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बारिश के कारण वाहन आवाजाही दो घंटे तक पूरी तरह बंद रही। NHAI और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त पिलरों के पास लोहे के सहारे लगाकर फ्लाईओवर को आंशिक समर्थन प्रदान किया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई।राज्य प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षा उपाय अपनाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। स्थानीय लोग और प्रशासन भारी बारिश और भूस्खलन से होने वाले नुकसान को रोकने में जुटे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें








