Child accident Telangana
हैदराबाद, एजेंसियां। तेलंगाना के खम्मम जिले के वायरा कस्बे से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां चूल्हे पर उबलते सांभर के बर्तन में गिरने से तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। यह हादसा करीब एक महीने पहले हुआ था, जब बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई थी। लंबा इलाज और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद आखिरकार बच्ची जिंदगी की जंग हार गई।
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा
यह घटना वायरा के इंदिरम्मा कॉलोनी की है। मृतक बच्ची का नाम रम्यश्री था। उसके पिता मुनगाला सिंहाद्रि और मां सरोजनी ने 18 दिसंबर को अपने घर में ईसा मसीह की प्रार्थना सभा और सामूहिक भोज का आयोजन किया था। इस मौके पर घर में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिचित मौजूद थे। कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान रसोई में चूल्हे पर सांभर उबल रहा था।इसी बीच रम्यश्री घर की सीढ़ियों के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर सीधे चूल्हे पर रखे गर्म सांभर के बर्तन में गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्ची बुरी तरह झुलस चुकी थी।
एक महीने तक चला इलाज, नहीं बची जान
हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्ची को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हैदराबाद के निलोफर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार रम्यश्री के शरीर का बड़ा हिस्सा जल चुका था और संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ रहा था। करीब एक महीने तक वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझती रही, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार में मातम, इलाके में शोक
बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इंदिरम्मा कॉलोनी में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया और कहा कि छोटे बच्चों के आसपास रसोई, चूल्हे और गर्म तरल पदार्थों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।







