Mahashivratri food poisoning: महाशिवरात्रि में ग्रेटर नोएडा की दो सोसाइटी में कुट्टू के आटे से 40 से अधिक लोग बीमार

3 Min Read

Mahashivratri food poisoning:

नई दिल्ली, एजेंसियां। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दो आवासीय सोसाइटियों इको विलेज-3 और हिमालया प्राइड में महाशिवरात्रि के व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाना लोगों के लिए भारी पड़ गया। आटा खाने के बाद 40 से अधिक लोग बीमार हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। अधिकतर पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

व्रत खोलने के बाद शुरू हुई उल्टी-दस्त की शिकायत

इको विलेज-3 के निवासियों ने बताया कि रविवार को महाशिवरात्रि का व्रत रखा गया था। शाम को व्रत खोलने के लिए कई परिवारों ने कुट्टू के आटे से बने पकवान तैयार किए। भोजन करने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते सोसाइटी में 30 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।इसी तरह हिमालया प्राइड सोसाइटी में भी 15 से अधिक लोगों की तबीयत खराब हो गई। सभी का इलाज न्यूमेड अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग के लक्षण सामने आए हैं।

ऑनलाइन मंगवाया गया था खुला आटा

निवासियों के अनुसार, कुट्टू का आटा सोसाइटी के पास स्थित एक स्थानीय मार्केट की दुकान से ऑनलाइन मंगवाया गया था। आटा पैकेट बंद नहीं था, बल्कि खुला हुआ बेचा गया था। आशंका जताई जा रही है कि आटा दूषित या मिलावटी हो सकता है, जिससे लोगों की तबीयत बिगड़ी।घटना की सूचना खाद्य विभाग को दे दी गई है। अधिकारियों से आटे के नमूने लेकर जांच कराने की मांग की गई है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में व्रत के दौरान कुट्टू या सिंघाड़े के आटे से लोगों के बीमार होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पहले एक हॉस्टल में 300 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए थे। उस समय भी खाद्य विभाग ने नमूने जांच के लिए भेजे थे, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री जारी है।निवासियों ने खाद्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नियमित जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Share This Article