Government smartphone policy:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत में मोबाइल सुरक्षा और साइबर फ्रॉड पर लगाम कसने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) ने बड़ा फैसला लिया है। अब देश में बनने वाले या विदेश से आने वाले हर नए स्मार्टफोन में संचार साथी (Sanchar Saathi) ऐप पहले से इंस्टॉल होगा। यह ऐप न तो डिलीट किया जा सकेगा और न ही डिसेबल। सरकार का कहना है कि यह कदम मोबाइल धोखाधड़ी, फर्जी सिम, स्पैम और चोरी हुए फोन को ट्रैक करने में बड़ी मदद देगा।
DoT ने सभी मोबाइल निर्माता कंपनियों और फोन इंपोर्ट करने वाली कंपनियों को यह नियम तुरंत लागू करने के निर्देश दिए हैं। पुराने स्टॉक के मोबाइल में भी सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए यह ऐप जोड़ना अनिवार्य होगा। एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, वीवो से लेकर शाओमी तक सभी कंपनियों को 90 दिनों के भीतर इस आदेश का पालन शुरू करना होगा और 120 दिन के भीतर सरकार को रिपोर्ट देनी होगी।
संचार साथी ऐप में यूजर्स को कई तरह की सुरक्षा:
संचार साथी ऐप यूजर्स को कई तरह की सुरक्षा देता है। फोन चोरी हो जाए या खो जाए तो इस ऐप के जरिए कुछ ही मिनटों में डिवाइस को ब्लॉक कराया जा सकता है। साथ ही फर्जी लिंक, स्पैम कॉल, संदिग्ध मैसेज और अपने नाम पर चल रहे मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी भी यह ऐप उपलब्ध कराता है। इसकी वजह से यूजर्स को अब IMEI नंबर याद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐप पहले से ही लाखों चोरी हुए फोन को ब्लॉक करने और हजारों मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने में मदद कर चुका है।
विपक्ष का विरोध तेज:
सरकार के इस फैसले पर विपक्ष ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने इसे “निजता का उल्लंघन” करार दिया। उन्होंने कहा कि एक ऐसा सरकारी ऐप जिसे हटाया नहीं जा सकता, “बिग ब्रदर” की तरह हर भारतीय नागरिक पर नजर रखने की कोशिश है। उनका कहना है कि यह निर्देश संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले निजता के अधिकार के खिलाफ है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।
सरकार का तर्क:
DoT का कहना है कि यह कदम मोबाइल धोखाधड़ी, फर्जी सिम एक्टिवेशन, साइबर अपराध और नकली हैंडसेट की पहचान रोकने में बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार के अनुसार संचार साथी को अनिवार्य करने के पीछे उद्देश्य सिर्फ डिजिटल सुरक्षा बढ़ाना और नागरिकों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराना है। सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर बहस तेज हो चुकी है, जबकि मोबाइल निर्माता कंपनियां नए नियमों को लागू करने की तैयारी में जुट गई हैं।
