Gold–Silver Price:
नई दिल्ली, एजेंसियां। घरेलू वायदा बाजार में चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार को चांदी का मार्च अनुबंध 4.14 प्रतिशत की तेजी के साथ ₹2,05,934 प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार को इसका भाव ₹1,97,755 प्रति किलो पर बंद हुआ था। इसी तरह मई 2026 के अनुबंध में भी 4 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई और यह ₹2,08,796 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
तेजी की बड़ी वजहें क्या हैं?
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों में चांदी की कीमतों में मजबूती, आपूर्ति में कमी के संकेत और अगले साल अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों ने कीमतों को सहारा दिया है। बाजार में चांदी का बैकवर्डेशन बढ़ना भी आपूर्ति की तंगी की ओर इशारा कर रहा है, जिससे निवेशकों का रुझान तेजी से इस धातु की ओर बढ़ा है।
एमसीएक्स पर सोने का भाव भी मजबूत
सोने की कीमतों में भी हल्की तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी के लिए सोने का वायदा भाव 0.13 प्रतिशत बढ़कर ₹1,34,578 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं अप्रैल 2026 के अनुबंध में 0.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ सोना ₹1,37,683 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया।
वैश्विक बाजार में भी चमक बरकरार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोने की कीमतें 0.49 प्रतिशत बढ़कर 4,353.4 डॉलर प्रति औंस हो गईं। वहीं चांदी ने वैश्विक स्तर पर भी सोने को पीछे छोड़ दिया और पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गई। मार्च अनुबंध में चांदी 4.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 66.27 डॉलर प्रति औंस के नए उच्चतम स्तर पर पहुंची।
निवेशकों की नजर आगे के आंकड़ों पर
विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी रोजगार रिपोर्ट के बाद ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें मजबूत हुई हैं, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी है। अब निवेशकों की नजर अमेरिका के आगामी मुद्रास्फीति आंकड़ों सीपीआई और पीसीई पर टिकी है, जो आगे सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय कर सकते हैं।








