Goa nightclub fire
गोवा,एजेंसियां। अरपोरा स्थित चर्चित नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में गिरफ्तार लूथरा ब्रदर्स की पुलिस कस्टडी को अदालत ने पांच दिन और बढ़ा दिया है। सोमवार, 22 दिसंबर को गोवा की अदालत में पेशी के दौरान सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की पुलिस रिमांड 26 दिसंबर तक बढ़ाने का आदेश दिया गया।
लूथरा ब्रदर्स की रिमांड बढ़ी
सौरभ और गौरव लूथरा नाइटक्लब के मालिक हैं। पुलिस ने अदालत को बताया कि मामले में कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं, जिनके लिए आरोपियों से और पूछताछ जरूरी है। कोर्ट ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए रिमांड बढ़ा दी। वहीं क्लब के तीसरे साझेदार अजय गुप्ता को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, क्योंकि पुलिस ने उसकी रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की।
जाली दस्तावेजों का आरोप
पीड़ित परिवारों की ओर से पैरवी कर रहे वकील विष्णु जोशी ने बताया कि जांच में यह सामने आया है कि नाइटक्लब के ट्रेड लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज कथित रूप से फर्जी हो सकते हैं। पुलिस इसी एंगल से गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद थाईलैंड फरार हुए थे आरोपी
6 दिसंबर को हुए इस दर्दनाक हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 5 पर्यटक भी शामिल थे। घटना के बाद सौरभ और गौरव लूथरा थाईलैंड के फुकेट फरार हो गए थे, लेकिन 17 दिसंबर को उन्हें भारत लाया गया।
यूके फरार आरोपी पर ब्लू कॉर्नर नोटिस
पुलिस ने बताया कि इस मामले का एक अन्य आरोपी, ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला, घटना के बाद यूनाइटेड किंगडम फरार हो गया है। उसे पकड़ने के लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कड़ी कार्रवाई का भरोसा
अंजुना पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। गोवा सरकार और पुलिस ने साफ किया है कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ जारी रहेगी।

