Goa Club Tragedy
पणजी,एजेंसियां। गोवा के अरपोरा इलाके में शनिवार देर रात भीषण आग से 25 लोगों की मौत होने के बाद पूरे देश में हड़कंप मचा हुआ है। मरने वालों में 20 क्लब कर्मचारी शामिल थे। आग लगने के कुछ ही घंटे बाद क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा भारत छोड़कर थाईलैंड के फुकेट भाग गए। पुलिस ने क्लब मैनेजर समेत पाँच लोगों को गिरफ्तार किया है और दोनों भाइयों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। अब CBI की इंटरपोल डिवीजन की मदद ली जा रही है ताकि दोनों आरोपियों को पकड़ा जा सके।
Goa Club Tragedy: कौन हैं लूथरा ब्रदर्स?
दिल्ली के रहने वाले सौरभ (40) और गौरव (44) लूथरा हॉस्पिटैलिटी और नाइटलाइफ बिजनेस की दुनिया में तेजी से उभरते नाम थे। सौरभ का LinkedIn प्रोफाइल बताता है कि वह Romeo Lane, Birch, और Mamas Buo का चेयरमैन है। उसने इंजीनियरिंग छोड़कर 2016 में रोमियो लेन की शुरुआत की। आज उनके भारत के 22 शहरों और चार विदेशी देशों में बार और रेस्टोरेंट संचालित होते हैं, जिन्हें दोनों भाई मिलकर मैनेज करते हैं।
कई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस बिजनेस में संभवतः एक तीसरा पार्टनर भी है, जिसकी तलाश की जा रही है। सौरभ सोशल मीडिया पर अपने प्रोजेक्ट्स को प्रमोट करता रहा है। हाल ही में फोर्ब्स इंडिया ने उसे “नाइटलाइफ कल्चर में क्रांति लाने वाला” बताया था, जिसे उसने गर्व से साझा किया था।
Goa Club Tragedy: घटना का समय और जांच की स्थिति
हादसा 6 दिसंबर की रात बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में हुआ। शुरुआती जांच में पता चला कि क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया गया था और संभवतः पटाखे फोड़ने से आग लगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी इस पर गंभीर लापरवाही की ओर इशारा किया।
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए, जबकि घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस मामले की जांच तेज कर चुकी है और मालिकों को भारत लाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
यह घटना हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का बड़ा उदाहरण बन गई है।
