Meher Castellino death: पहली मिस इंडिया मेहर कैस्टेलिनो का निधन, 81 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

2 Min Read

Meher Castellino death:

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत की पहली मिस इंडिया और मशहूर फैशन जर्नलिस्ट मेहर कैस्टेलिनो का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि फेमिना मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने सोशल मीडिया के जरिए की। जैसे ही यह खबर सामने आई, फैशन और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मेहर कैस्टेलिनो न सिर्फ भारत की पहली फेमिना मिस इंडिया थीं, बल्कि उन्होंने देश में फैशन पत्रकारिता को भी नई दिशा दी।

1964 में बनी थीं पहली फेमिना मिस इंडिया

साल 1964 में मेहर कैस्टेलिनो ने इतिहास रचते हुए पहली फेमिना मिस इंडिया का खिताब अपने नाम किया था। उस दौर में जब ब्यूटी पेजेंट्स की अवधारणा नई थी, तब मेहर ने भारतीय महिलाओं के लिए एक नया मंच तैयार किया। मिस इंडिया बनने के बाद उन्होंने ग्लैमर की दुनिया तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि फैशन पत्रकारिता को अपना करियर बनाया।

फैशन जर्नलिज्म में बनाया मजबूत नाम

मिस इंडिया के बाद मेहर कैस्टेलिनो ने फैशन आर्टिकल लिखने शुरू किए और जल्द ही एक प्रतिष्ठित फैशन जर्नलिस्ट के रूप में पहचान बनाई। उनका काम कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पब्लिकेशंस में प्रकाशित हुआ। उन्होंने कई नामचीन अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर्स के इंटरव्यू किए और वैश्विक फैशन ट्रेंड्स को भारतीय पाठकों तक पहुंचाया। साल 2006 में वह लैक्मे फैशन वीक से भी जुड़ीं और वहां फैशन राइटर के तौर पर अहम भूमिका निभाई।

मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

फेमिना मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर मेहर कैस्टेलिनो को याद करते हुए लिखा, “1964 की पहली फेमिना मिस इंडिया से लेकर सुपरमॉडल, जर्नलिस्ट, राइटर और मेंटर तक का उनका सफर प्रेरणादायक रहा। उन्होंने भारतीय फैशन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए रास्ते खोले।”

हमेशा जिंदा रहेगी विरासत

मेहर कैस्टेलिनो की विरासत भारतीय फैशन और मीडिया जगत में हमेशा याद रखी जाएगी। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

Share This Article