Filmfare OTT Awards 2025:
मुंबई, एजेंसियां। फिल्मफेयर OTT अवॉर्ड्स 2025 का छठा संस्करण 15 दिसंबर को मुंबई में भव्य तरीके से आयोजित हुआ। इस समारोह में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बेहतरीन कंटेंट और कलाकारों के शानदार काम को सम्मानित किया गया। आलिया भट्ट, विक्की कौशल समेत कई बड़े सितारों की मौजूदगी में ‘ब्लैक लेडी’ ट्रॉफी विजेताओं को सौंपी गई। इस साल वेब सीरीज कैटेगरी में ‘पाताल लोक सीजन 2’, ‘ब्लैक वारंट’ और ‘खौफ’ सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरीं।
जयदीप अहलावत का शानदार प्रदर्शन
अभिनय की बात करें तो जयदीप अहलावत ने ‘पाताल लोक सीजन 2’ के लिए बेस्ट एक्टर (मेल, ड्रामा) का अवॉर्ड जीतकर एक बार फिर अपनी दमदार अदाकारी का लोहा मनवाया। वहीं क्रिटिक्स कैटेगरी में जहान कपूर को ‘ब्लैक वारंट’ के लिए सम्मान मिला। फीमेल कैटेगरी में ड्रामा के लिए मोनिका पंवार (खौफ) और क्रिटिक्स में रसिका दुगल (शेखर होम) को अवॉर्ड मिला।
अनन्या पांडे की जीत ने बढ़ाई चर्चा
कॉमेडी कैटेगरी में अनन्या पांडे ने ‘कॉल मी बे’ के लिए बेस्ट एक्टर (फीमेल) का अवॉर्ड जीतकर सबको हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर उनकी जीत को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। वहीं मेल कॉमेडी कैटेगरी में वरुण सोबती और स्पर्श श्रीवास्तव संयुक्त रूप से विजेता रहे।
टेक्निकल अवॉर्ड्स में ‘खौफ’ का दबदबा
टेक्निकल कैटेगरी में ‘खौफ’ ने बेस्ट सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, बैकग्राउंड म्यूजिक, साउंड डिजाइन और VFX जैसे कई बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। वहीं बेस्ट म्यूजिक एल्बम का खिताब ‘बंदिश बैंडिट्स सीजन 2’ को मिला।
वेब ओरिजिनल फिल्मों का जलवा
वेब ओरिजिनल फिल्म कैटेगरी में ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ को बेस्ट फिल्म और शुचि तलाती को बेस्ट डायरेक्टर चुना गया। अभिनय में अभिषेक बनर्जी (स्टोलन) और सान्या मल्होत्रा (मिसेज़) ने बाजी मारी।
कुल मिलाकर, फिल्मफेयर OTT अवॉर्ड्स 2025 ने यह साफ कर दिया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट और परफॉर्मेंस का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है।








