Fauja Singh:
जालंधऱ, एजेंसियां। पंजाब के जालंधर में 114 वर्षीय एथलीट फौजा सिंह को कार से टक्कर मारने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान करतारपुर के दासूपुर गांव के रहने वाले NRI अमृतपाल सिंह ढिल्लों (27) के रूप में हुई है। अमृतपाल सिंह 8 दिन पहले ही कनाडा से लौटा था। पुलिस ने उसकी फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है। उसे थाना भोगपुर में लाया गया, जहां उससे पूछताछ हो रही है। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपी जुर्म कबूलाः
हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल से मिले कार की हेडलाइट के टुकड़े और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंच सकी। थाना आदमपुर की पुलिस ने उसे आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान अमृतपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
अनजाने में मारी टक्करः
उसने बताया कि हादसे के वक्त वह अकेला था और भोगपुर से किशनगढ़ की ओर जा रहा था। गाड़ी तेज रफ्तार में थी और जब वह ब्यास पिंड के पास पहुंचा तो अनजाने में उसने फौजा सिंह को टक्कर मार दी। जब देर रात मीडिया में खबरें आईं, तब उसे इस हादसे की गंभीरता का एहसास हुआ।
यह हादसा सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। फौजा सिंह अपने घर के पास टहल रहे थे, तभी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह 5-7 फीट दूर जाकर गिरे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शाम को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें
CCL में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश: CBI ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार, कोयला ट्रकों से होती थी अवैध वसूली








