Prayagraj soldier murder:
प्रयागराज, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में करछना थाना क्षेत्र में सेना के जवान विवेक सिंह (30) की हत्या का मामला सामने आया है। विवेक अपने दोस्त को कोहड़ार बाजार छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोपियों ने विवेक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया। घायल को इलाज के लिए पहले करछना सीएचसी और वहां से रेफर कर लखनऊ के आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार भोर में उनकी मौत हो गई।
एफआईआर दर्ज
पुलिस ने फौजी के पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की और घटना के चार घंटे के भीतर ही राजकमल पांडेय (एएसआई), राजीव कुमार ठाकुर (फौजी), स्कॉर्पियो मालिक दिनेश कुमार यादव, राजू अग्रहरि और भाई लाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विवाद तब शुरू हुआ जब उनकी कार के आगे चल रही टाटा पंच कार ओवरटेक के लिए पास नहीं दे रही थी। इसके चलते हाथापाई और रॉड से हमला हुआ।
पुलिस के अनुसार
पुलिस ने बताया कि राजकमल पांडेय मिर्जापुर पुलिस लाइन में एएसआई के पद पर तैनात हैं, जबकि अन्य आरोपियों की अलग-अलग पेशेवर पृष्ठभूमि है। इस हमले के बाद घटना स्थल से आरोपी फरार हो गए थे। विवेक सिंह दो भाइयों में छोटे थे और उनके पीछे पत्नी प्रतिभा और तीन वर्षीय पुत्र वेदांत हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।



