French President Mumbai visit: फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron आज रात पहुंचेंगे मुंबई, 16 से 19 फरवरी तक करेंगे भारत दौरा

3 Min Read

French President Mumbai visit:

मुंबई, एजेंसियां। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 16 फरवरी की रात तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। 16 से 19 फरवरी तक चलने वाले इस दौरे की शुरुआत मुंबई से होगी, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह मैक्रों का प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत का चौथा दौरा है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे और सहयोग को दर्शाता है।

16-17 फरवरी: मुंबई में उच्चस्तरीय बैठकें

राष्ट्रपति मैक्रों सोमवार रात 11:50 बजे Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport पहुंचेंगे। 17 फरवरी को दोपहर 3:15 बजे मुंबई के लोक भवन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके बाद राजभवन के दरबार हॉल में समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान और संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी किया जाएगा।शाम 5:20 बजे Taj Mahal Palace Hotel में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम आयोजित होगा, जिसमें स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी और अनुसंधान सहयोग पर चर्चा होगी। शाम 7:15 बजे Gateway of India पर ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन एंड कल्चरल कमेमोरेशन 2026’ का संयुक्त उद्घाटन किया जाएगा।

18-19 फरवरी: नई दिल्ली में AI समिट और रणनीतिक वार्ता

18 फरवरी को मैक्रों नई दिल्ली पहुंचेंगे और Bharat Mandapam में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेंगे। 19 फरवरी को सुबह उद्घाटन समारोह, कंट्री पवेलियंस का दौरा, लीडर्स प्लेनरी और वर्किंग लंच में उनकी भागीदारी निर्धारित है। यह समिट कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उभरती प्रौद्योगिकियों और वैश्विक नीति सहयोग पर केंद्रित है।

‘होराइजन 2047’ और इंडो-पैसिफिक पर फोकस

दौरे के दौरान दोनों नेता ‘होराइजन 2047 रोडमैप’ के तहत रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, अनुसंधान और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग और वैश्विक सुरक्षा मुद्दे भी वार्ता का अहम हिस्सा होंगे। हालिया रक्षा सौदों और संभावित मिसाइल व लड़ाकू विमान सहयोग के मद्देनजर यह यात्रा रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।साल 2026 को भारत और फ्रांस ने ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। मैक्रों की यह यात्रा इस पहल की औपचारिक शुरुआत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। 19 फरवरी की शाम वे पेरिस के लिए प्रस्थान करेंगे।

Share This Article