OctaFX forex scam: 2385 करोड़ के OctaFX फॉरेक्स घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड पावेल स्पेन में गिरफ्तार

3 Min Read

OctaFX forex scam:

नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने OctaFX फॉरेक्स घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹2385 करोड़ की क्रिप्टो संपत्तियां जब्त कर ली हैं। इस मामले का मास्टरमाइंड पावेल प्रोजोरोव (Pavel Prozorov) स्पेन में गिरफ्तार हुआ है। पावेल पर कई देशों में साइबर फ्रॉड करने के आरोप हैं। इस घोटाले की शुरुआत पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR से हुई थी। आरोप है कि OctaFX ने भारतीय निवेशकों को विदेशी मुद्रा ट्रेडिंग का झांसा देकर भारी रकम ठगी।

ईडी की जांच

ईडी की जांच में सामने आया कि कंपनी आरबीआई की अनुमति के बिना भारत में फॉरेक्स ट्रेडिंग करा रही थी। जुलाई 2022 से अप्रैल 2023 के बीच, OctaFX ने भारतीय निवेशकों से लगभग ₹1,875 करोड़ ठगे और करीब ₹800 करोड़ का मुनाफा कमाया। 2019 से 2024 के बीच कंपनी ने भारत से कुल ₹5,000 करोड़ से अधिक की कमाई की, जिसमें से ज्यादातर रकम विदेश भेज दी गई।

OctaFX ने अंतरराष्ट्रीय ठगी के जाल को छिपाने के लिए कई देशों में कंपनियां स्थापित की थीं। ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स से मार्केटिंग, स्पेन से सर्वर और बैक-ऑफिस, एस्टोनिया से पेमेंट गेटवे, जॉर्जिया से तकनीकी सपोर्ट, साइप्रस में होल्डिंग कंपनी, दुबई से भारतीय ऑपरेशन और सिंगापुर से फर्जी सेवाओं के नाम पर पैसों का ट्रांसफर किया जाता था।

निवेशकों को फंसाने के लिए

निवेशकों को फंसाने के लिए OctaFX पहले छोटे मुनाफे देकर भरोसा जीतती थी। इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग चार्ट और तकनीकी गड़बड़ी दिखाकर निवेशकों को घाटा करवाया जाता था। Introducing Broker (IB) स्कीम के तहत लोगों को दूसरों को जोड़ने पर कमीशन दिया जाता था।

UPI और बैंक ट्रांसफर

निवेशकों से पैसा UPI और बैंक ट्रांसफर के जरिए लिया जाता था और डमी कंपनियों के खातों में ट्रांसफर करके अवैध चैनलों के माध्यम से विदेश भेजा जाता था। ये सारी विदेशी कंपनियां पावेल प्रोजोरोव के नियंत्रण में थीं। ED की यह कार्रवाई भारतीय निवेशकों को होने वाले नुकसान को रोकने और अंतरराष्ट्रीय फॉरेक्स फ्रॉड के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसे भी पढ़ें

GST scam chargesheet: 730 करोड़ के GST घोटाले का चार्जशीट दायर 8 अक्टूबर को सुनवाई


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं