Diwali gift for ex-servicemen:
नई दिल्ली, एजेंसियां। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिवाली से पहले पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय सैनिक बोर्ड के माध्यम से लागू की जाने वाली योजनाओं के तहत शिक्षा, विवाह और निर्धनता अनुदान की राशि अब दोगुनी कर दी गई है। यह फैसला 1 नवंबर 2025 से लागू होगा।
निर्धनता अनुदान
65 वर्ष से अधिक आयु वाले पूर्व सैनिकों के आश्रित और विधवाओं के लिए निर्धनता अनुदान की राशि अब 4,000 रुपए प्रति माह से बढ़ाकर 8,000 रुपए प्रति माह कर दी गई है। यह सहायता उन लाभार्थियों को आजीवन दी जाएगी जिनकी कोई नियमित आय नहीं है और जो गैर-पेंशनभोगी हैं।
शिक्षा अनुदान
पूर्व सैनिकों के आश्रित बच्चों (कक्षा 1 से स्नातक तक) या दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम कर रही विधवाओं के लिए शिक्षा अनुदान भी दोगुना कर दिया गया है। अब यह 1,000 रुपए से बढ़ाकर 2,000 रुपए प्रति व्यक्ति प्रति माह मिलेगा।
विवाह अनुदान
सरकार ने विवाह अनुदान को भी दोगुना कर दिया है। अब यह 50,000 रुपए से बढ़ाकर 1,00,000 रुपए प्रति लाभार्थी हो गया है। यह अधिकतम दो पुत्रियों के विवाह अथवा विधवा पुनर्विवाह पर लागू होगा, बशर्ते विवाह इस आदेश के जारी होने के बाद संपन्न हो।
वित्तीय भार और प्रावधान
नई दरों के लागू होने से प्रति वर्ष लगभग 257 करोड़ रुपए का वित्तीय भार पड़ेगा, जिसे आर्म्ड फोर्सेस फ्लैग डे फंड के माध्यम से वहन किया जाएगा। ये सभी योजनाएं रक्षा मंत्री पूर्व सैनिक कल्याण कोष के तहत संचालित हैं।इस निर्णय से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा में लाभ मिलेगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह कदम उनके कल्याण और आर्थिक स्थिरता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस प्रकार, दिवाली के अवसर पर पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए यह एक बड़ा तोहफा माना जा रहा है, जो उनके जीवन में राहत और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करेगा।
इसे भी पढ़ें
Diwali party: दिवाली पार्टी में बनाएं ये क्रंची और चटपटा स्टार्टर









