Delhi weather:
नई दिल्ली, एजेंसियां। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम और प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार सुबह से ही शहर घने कोहरे और स्मॉग की चपेट में है। कई इलाकों में विजिबिलिटी लगभग ज़ीरो दर्ज की गई, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने फॉग को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है।
तापमान स्थिर, लेकिन ठंड का असर तेज
हालांकि दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है, फिर भी नमी और कोहरे के कारण ठिठुरन महसूस हो रही है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी 73 से 100 प्रतिशत के बीच रही, जिससे सर्दी का असर ज्यादा महसूस हुआ।
प्रदूषण ने तोड़े रिकॉर्ड
दिल्ली की हवा रविवार को बेहद खराब रही। औसत AQI 461 तक पहुंच गया, जो इस सर्दी का सबसे प्रदूषित दिन रहा। वज़ीरपुर और रोहिणी जैसे इलाकों में AQI 500 तक दर्ज किया गया, जो माप की अधिकतम सीमा है। राजधानी के 39 में से 38 मॉनिटरिंग स्टेशनों ने ‘गंभीर’ श्रेणी की हवा दर्ज की।
एनसीआर शहरों की स्थिति भी खराब
सोमवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 454 दर्ज किया गया। वहीं फरीदाबाद में 412, गुरुग्राम में 415, गाजियाबाद में 418, नोएडा में 405 और ग्रेटर नोएडा में 408 AQI रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि कमजोर हवाओं और कम तापमान के कारण प्रदूषक हवा में फंसे हुए हैं।
आगे क्या रहेगा हाल
मौसम विभाग के अनुसार 19 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 8–9 डिग्री के आसपास रह सकता है। हवाओं की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल सतर्कता जरूरी है।








