Government hospitals in Delhi
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली सरकार राजधानी के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सिरसपुर, मादीपुर, हस्तसाल और ज्वालापुरी में चार नए बड़े सरकारी अस्पतालों का निर्माण अंतिम चरण में है। इन अस्पतालों के शुरू होने से दिल्ली को 3200 से अधिक नए बेड मिलेंगे, जिससे बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव काफी हद तक कम होगा। सरकार का लक्ष्य है कि इनमें से ज्यादातर अस्पताल जुलाई 2026 तक चालू कर दिए जाएं, जबकि हस्तसाल अस्पताल सितंबर 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, चारों अस्पतालों का निर्माण कार्य 65 से 85 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए गए हैं कि शेष काम तेजी से पूरा किया जाए। साथ ही अस्पतालों में जरूरी फर्नीचर, आधुनिक मेडिकल मशीनें और स्टाफ की भर्ती की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से शुरू कर दी गई है, ताकि उद्घाटन के साथ ही इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
किस इलाके को मिलेगा फायदा
सिरसपुर अस्पताल बाहरी दिल्ली में बन रहा है, जिससे बादली, बवाना, स्वरूप नगर, नंगली पूना और खेड़ा कलां जैसे इलाकों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं मादीपुर, हस्तसाल और ज्वालापुरी के अस्पताल पश्चिमी दिल्ली के निवासियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होंगे। इन अस्पतालों के शुरू होने से दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल जैसे बड़े सरकारी अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
देरी पर सरकार सख्त
PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद पिछली सरकार समय पर परियोजनाएं पूरी नहीं कर सकी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
दिल्ली की बढ़ती आबादी और मरीजों की संख्या को देखते हुए ये चार नए अस्पताल राजधानी के स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती देंगे। इससे आम लोगों को सस्ता, सुलभ और बेहतर इलाज मिल सकेगा।








