Delhi blasts: मोदी–नेतन्याहू जल्द आमने-सामने: दिल्ली ब्लास्ट के बाद आतंकवाद पर बड़ी रणनीति की तैयारी

3 Min Read

Delhi blasts

जेरूसलम, एजेंसियां। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच जल्द ही मुलाकात होने वाली है। यह दावा इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने उस समय किया है, जब दोनों नेताओं के बीच बुधवार को फोन पर विस्तृत वार्ता हुई। यह मुलाकात दिल्ली ब्लास्ट के बाद पहली बार होने जा रही है, इसलिए इसका महत्व और बढ़ गया है। दोनों ही नेता पहले ही आतंकवाद के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति की वकालत कर चुके हैं। फोन वार्ता में भी दोनों पक्षों ने आतंकवाद को लेकर सख्त रुख अपनाने पर सहमति जताई।

इजरायल ने मुलाकात के संकेत दिए

इजरायली पीएमओ द्वारा जारी बयान में कहा गया, “गर्मजोशी और दोस्ताना बातचीत के अंत में दोनों नेता बहुत जल्द मिलने पर सहमत हुए।” इस मुलाकात से पहले वर्ष 2025 में इजरायल के कई उच्चस्तरीय नेता भारत का दौरा कर चुके हैं, जिनमें पर्यटन मंत्री हाइम काट्ज़, अर्थव्यवस्था एवं उद्योग मंत्री निर बरकात और वित्त मंत्री बेज़ालेल स्मोत्रिच शामिल हैं।दिल्ली विस्फोटों के बाद ऐसी खबरें आई थीं कि सुरक्षा चिंताओं के कारण नेतन्याहू अपनी भारत यात्रा टाल सकते हैं, लेकिन इजरायल ने इसे खारिज करते हुए भारत की सुरक्षा पर पूर्ण विश्वास जताया है। दोनों पक्ष मुलाकात की तारीखों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

रणनीतिक साझेदारी में नया अध्याय

भारत और इजरायल लंबे समय से रणनीतिक साझेदार हैं। हाल के महीनों में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की दिशा में तेजी से प्रगति हुई है। दोनों देशों ने द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर किए हैं और FTA के लिए Terms of Reference (TOR) पर भी सहमति बनी है।

आतंकवाद पर संयुक्त रणनीति की उम्मीद

दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई लड़ते रहे हैं और ऐसे देशों की आलोचना करते हैं जो इस मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस मुलाकात में भारत–इजरायल आतंकवाद के खिलाफ कोई बड़ा और संयुक्त फैसला ले सकते हैं।इसी वजह से पाकिस्तान में इस संभावित मुलाकात को लेकर बेचैनी और खलबली साफ देखी जा रही है, क्योंकि दोनों देश क्षेत्रीय आतंकवाद पर सख्त कदम उठाने के लिए एकजुट दिख रहे हैं।

Share This Article
Exit mobile version