Delhi blast:
फरीदाबाद, एजेंसियां। दिल्ली ब्लास्ट मामले में खुफिया एजेंसियों की जांच ने बड़ा खुलासा किया है। फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉक्टर शाहीना को आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए भारत में महिला विंग तैयार करने और भर्ती अभियान (Recruitment Network) संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर शाहीना को जैश की महिला इकाई ‘जमात-उल-मोमिनात’ से जोड़ा गया था, जिसकी पाकिस्तान में कमान मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर के पास है।
सादिया अजहर का पति यूसुफ अजहर कंधार विमान अपहरण मामले का मास्टरमाइंड रहा है। जांच एजेंसियों को शक है कि शाहीना भारत में जैश की महिला सेल को संगठित करने और युवाओं को आतंक के रास्ते पर ले जाने की साजिश रच रही थी।
अल-फलाह यूनिवर्सिटी में सर्च ऑपरेशन जारी:
फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों का सर्च ऑपरेशन जारी है। धौज और फतेहपुर तगा गांवों में बड़ी संख्या में पुलिस बल और खुफिया टीमें तैनात हैं। ऑपरेशन में एक हजार से अधिक जवान शामिल हैं, जबकि क्राइम ब्रांच और रिजर्व पुलिस भी सक्रिय है।
दिल्ली ब्लास्ट कनेक्शन की गहराई से जांच:
सूत्रों के मुताबिक, लालकिला ब्लास्ट की जांच में एजेंसियां डंप डेटा एनालिसिस कर रही हैं। लालकिला के आसपास ऑपरेट हो रहे सभी मोबाइल नंबरों का डंप डेटा जुटाया जा रहा है, जिससे संदिग्ध कॉल और लोकेशन का पता लगाया जा सके। पार्किंग एरिया के फोन नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
फरीदाबाद से लेकर दिल्ली तक सुरक्षा एजेंसियां लगातार संदिग्ध संचार नेटवर्क और डिजिटल ट्रेल को खंगाल रही हैं। एजेंसियों का मानना है कि शाहीना से पूछताछ में आतंकी साजिश की कई नई परतें खुल सकती हैं।








