Delhi Blast: अल-फलाह विवि के 25 ठिकानों पर ED का छापा

2 Min Read

Delhi Blast:

नई दिल्ली,एजेंसियां। दिल्ली में हाल ही में हुए विस्फोट की जांच का दायरा अब काफी बढ़ गया है। जांच एजेंसियाँ अब हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय तक पहुंच गई हैं। इसी सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह अल-फलाह विश्वविद्यालय और उससे जुड़े लोगों के 25 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई सुबह 5 बजे से लगातार जारी है। ED की टीमों ने विश्वविद्यालय के कार्यालय, संबंधित संस्थानों और ठिकानों से दस्तावेज़, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर उनकी जांच शुरू कर दी है। एजेंसी को संदेह है कि विश्वविद्यालय अथवा उससे जुड़े कुछ लोग दिल्ली विस्फोट से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में रहे हों।

चेयरमैन को दो समन भेजे गए:

सोमवार को दिल्ली पुलिस ने अल-फलाह विश्वविद्यालय के चेयरमैन जावेद अहमद सिद्दीकी को धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े दो मामलों में समन भेजा था। ये मामले UGC की शिकायत पर दर्ज हुए थे। क्राइम ब्रांच का कहना है कि चेयरमैन का बयान बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि जांच के दौरान विश्वविद्यालय के संचालन और वित्तीय लेन-देन में कई गंभीर गड़बड़ियाँ सामने आई हैं।

UGC और NAAC रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं:

पिछले सप्ताह UGC और NAAC द्वारा की गई जांच में विश्वविद्यालय की मान्यता के दावों में गंभीर अनियमितताएँ पाई गई थीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दिल्ली पुलिस ने 14 नवंबर की रात दो FIR दर्ज की थीं, जिनके आधार पर अब ED और पुलिस दोनों समानांतर जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय पर फर्जी दस्तावेज़ और गलत सूचनाएँ देने के आरोप हैं।

लाल किले के पास हुए विस्फोट से कनेक्शन की जांच:

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ संदिग्धों का अल-फलाह विश्वविद्यालय से संपर्क होने की आशंका है। इसी कारण जांच एजेंसियाँ विश्वविद्यालय के वित्तीय रिकॉर्ड, प्रवेश अनुमतियों और प्रशासनिक दस्तावेज़ों की गहन जांच कर रही हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोनों एफआईआर की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल की टीमों को सौंपी गई है।

Share This Article