Delhi Blast:
नई दिल्ली, एजेंसियां। राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए कार बम धमाके की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। अब तक दो संदिग्ध कारों के शामिल होने की जानकारी थी, लेकिन जांच एजेंसियों को एक तीसरी कार के भी शामिल होने के संकेत मिले हैं। माना जा रहा है कि यह तीसरी कार, मारुति ब्रेज़ा, का इस्तेमाल संदिग्धों ने रेकी या फरार होने के लिए किया था।
विस्फोट में 13 लोगों की मौत और 20 लोगो से अधिक घायल:
सोमवार शाम हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल हुए थे। यह ब्लास्ट एक सफेद हुंडई i20 कार में हुआ था। जांच के दौरान एजेंसियों ने फरीदाबाद के खंदावली गांव से दूसरी कार लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट बरामद की, जिसमें विस्फोटक सामग्री मिली थी। अब सुरक्षा एजेंसियां तीसरी कार की तलाश में दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक:
सूत्रों के मुताबिक, फरीदाबाद में बरामद लाल कार को तीन लोगों दो पुरुष और एक महिला ने खेतों के पास खड़ा किया था। इनमें एक व्यक्ति, फहीम का साला, कार मिस्त्री बताया जा रहा है, जो संभवतः अल फलाह यूनिवर्सिटी के संदिग्ध प्रोफेसरों और अन्य आरोपियों के संपर्क में था।जांच में यह भी सामने आया है कि ब्लास्ट के दिन कार डॉ. उमर नबी, जो अल फलाह यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर है, चला रहा था। उसने अपने साथी डॉ. मुजम्मिल के साथ कई बार लाल किले का दौरा कर सुरक्षा और भीड़ की रेकी की थी।
दिल्ली पुलिस, एनआईए और आईबी की टीमें अब मोबाइल टावर डेटा, कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही हैं। दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। तीसरी कार की बरामदगी इस केस की जांच में निर्णायक साबित हो सकती है।







