Dehli Blast: 26 जनवरी को लाल किला पर हमले की थी साजिश, डॉक्टर मुजम्मिल की पूछताछ में बड़ा खुलासा– दिवाली पर भी प्लान था धमाके का

2 Min Read

Dehli Blast:

नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली में हुए ब्लास्ट मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों की पूछताछ में पकड़े गए संदिग्ध डॉ. मुजम्मिल ने बताया कि 26 जनवरी को लाल किला पर आतंकी हमले की साजिश रची गई थी। इसके लिए डॉ. मुजम्मिल और डॉ. उमर ने जनवरी के पहले हफ्ते में लाल किले की रेकी (जांच-पड़ताल) भी की थी। एजेंसियों को यह जानकारी मुजम्मिल के फोन के डंप डेटा से मिली है। डॉक्टर मुजम्मिल और उसके सहयोगी डॉक्टर अदील अहमद डार को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि तीसरा आरोपी डॉ. उमर धमाके के दौरान मारा गया बताया जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि ये आतंकी दिवाली पर भी किसी भीड़भाड़ वाले इलाके को निशाना बनाने की फिराक में थे।

लाल किले के पास धमाके से दहली दिल्ली:

सोमवार को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास एक कार में हुए धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। इस घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 21 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल से जुड़े तार:

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर उमर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था। इसी मॉड्यूल के तहत डॉक्टर मुजम्मिल और डॉक्टर अदील अहमद डार भी काम कर रहे थे। सोमवार को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद से 2,900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया था, और कुछ ही घंटों बाद यह धमाका हुआ।

हाफिज इश्तियाक से भी पूछताछ जारी:

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद से हाफिज इश्तियाक को हिरासत में लेकर श्रीनगर भेजा है। बताया जा रहा है कि मुजम्मिल ने हाफिज के घर को किराए पर लिया था, जहां से 2,563 किलो विस्फोटक बरामद किया गया। अब NIA भी इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सभी संदिग्धों के आतंकी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है।

Share This Article