Deepika Padukone:
मुंबई, एजेंसियां। हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें तेजी से फैलीं कि फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के पहले पार्ट के ओटीटी वर्जन से एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण का नाम हटा दिया गया है। लेकिन जांच में यह दावा झूठा साबित हुआ है। नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम पर उपलब्ध सभी भाषाई वर्जनों में दीपिका का नाम क्रेडिट्स में मौजूद है।
क्या था वायरल दावा
कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक फैन अकाउंट ने वीडियो शेयर किया था, जिसमें दावा किया गया था कि ‘कल्कि 2898 एडी’ के एंड क्रेडिट्स में दीपिका का नाम नहीं है। वीडियो के साथ लिखा गया था कि “फिल्म के आखिर में क्रेडिट्स सिर्फ नाम नहीं होते, बल्कि किए गए काम का सम्मान होते हैं।” इस वीडियो के बाद कई यूजर्स ने नाराजगी जताते हुए फिल्म के मेकर्स को ट्रोल किया। एक यूजर ने लिखा – “दीपिका का नाम हटाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए शर्मनाक है।” वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि यह प्रोडक्शन हाउस की “गैर-पेशेवर हरकत” है।
सच्चाई क्या है?
फिल्म की ओटीटी रिलीज के बाद जब फैक्ट-चेकर्स और मीडिया ने जांच की, तो पाया कि यह दावा पूरी तरह गलत है। ‘कल्कि 2898 एडी’ नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो दोनों पर अलग-अलग भाषाओं में स्ट्रीम हो रही है, और सभी वर्जनों के एंड क्रेडिट्स में दीपिका पादुकोण का नाम स्पष्ट रूप से दिया गया है।
फेक वीडियो से उठा विवाद
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो या तो एडिटेड था या किसी पुराने प्री-रिलीज वर्जन से लिया गया था। अब फैंस भी दो गुटों में बंट गए हैं एक पक्ष इसे फेक बता रहा है तो दूसरा मेकर्स पर “निगेटिव पीआर” करने का आरोप लगा रहा है।
इसे भी पढ़ें
Allu Arjun: अल्लू अर्जुन की नई फिल्म का ऐलान, डायरेक्टर एटली के साथ पहली बार करेंगे काम








