Cricketer Prithvi Shaw:
मुंबई: टीम इंडिया के युवा क्रिकेटर पृथ्वी शॉ की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। डिंडोशी सेशंस कोर्ट ने सोमवार को उन पर जवाब दाखिल न करने के लिए 100 रुपये का जुर्माना लगाया। यह मामला फरवरी 2023 में अंधेरी के एक पब में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल और शॉ के बीच हुए विवाद से जुड़ा है।
सपना गिल का आरोप
सपना गिल का आरोप है कि उनकी दोस्त ने शॉ से सेल्फी की मांग की थी, लेकिन उन्होंने न केवल इनकार किया बल्कि कथित तौर पर मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया। गिल का कहना है कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो शॉ ने उनके साथ हाथापाई और छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद गिल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
मजिस्ट्रेट कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
इसके चलते उन्होंने मजिस्ट्रेट कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अप्रैल 2024 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने माना कि शिकायत दर्ज करने में देरी हुई है, लेकिन आरोप गंभीर हैं। कोर्ट ने सांताक्रुज पुलिस को सीआरपीसी की धारा 202 के तहत जांच करने और रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया। गिल की ओर से वकील अली काशिफ खान ने दलील दी कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज न करके अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा और यह रवैया पीड़ित के साथ नाइंसाफी है।
डिंडोशी सेशंस कोर्ट
डिंडोशी सेशंस कोर्ट ने इस मामले में शॉ की ओर से लगातार जवाब दाखिल न करने पर नाराज़गी जताई। फरवरी से जून तक उन्हें कई मौके दिए गए, लेकिन कोई जवाब पेश नहीं किया गया। यहां तक कि 13 जून को कोर्ट ने अंतिम अवसर भी दिया, पर तब भी शॉ की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं आई। 9 सितंबर को सुनवाई के दौरान जज एस.एम. आगरकर ने नाराज़गी जताते हुए 100 रुपये का जुर्माना लगाया और साथ ही शॉ को एक और मौका दिया कि वे अपना पक्ष स्पष्ट करें। अब अगली सुनवाई में यह देखना अहम होगा कि क्रिकेटर इस मामले पर क्या रुख अपनाते हैं।
इसे भी पढ़ें
Trump tariff: ट्रंप टैरिफ के बीच भारत का मास्टरस्ट्रोक, भारत बना यूरोप का सबसे बड़ा डीजल सप्लायर
