ChatGPT suicide allegations:
नई दिल्ली, एजेंसियां। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। OpenAI का मशहूर चैटबॉट ChatGPT कानूनी विवादों में घिर गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कैलिफोर्निया में ChatGPT पर सात मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि यह एक ‘सुसाइड कोच’ की तरह काम कर रहा है और यूजर्स को खुद को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
OpenAI पर लापरवाही:
मुकदमों में OpenAI पर लापरवाही, सुरक्षा की अनदेखी और खुदकुशी में मदद करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, चैटबॉट को “मनोवैज्ञानिक रूप से चालाक और खतरनाक तरीके से चापलूसी करने वाला” बताया गया है। टेक जस्टिस लॉ प्रोजेक्ट और सोशल मीडिया विक्टिम्स लॉ सेंटर ने यह केस दायर किए हैं, जिनका कहना है कि OpenAI ने सुरक्षा के बजाय यूजर एंगेजमेंट को प्राथमिकता दी।
चैटजीपीटी का उपयोग:
मुकदमाकर्ताओं का दावा है कि पीड़ितों ने शुरुआत में चैटजीपीटी का उपयोग सामान्य कार्यों जैसे रेसिपी, प्रोजेक्ट या काम में मदद के लिए किया था, लेकिन धीरे-धीरे चैटबॉट का व्यवहार बदल गया और उसने हानिकारक विचारों को बढ़ावा देना शुरू कर दिया। अब याचिकाकर्ता OpenAI से मांग कर रहे हैं कि ChatGPT के कामकाज में सुरक्षा सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो और यूजर्स की मानसिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
