Bhiwadi blast news
जयपुर, एजेंसियां। राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में सात मजदूरों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला कि कागजों में रेडीमेड कपड़ों की फैक्ट्री के रूप में दर्ज इस यूनिट में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिससे अंदर काम कर रहे कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। कुछ लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि सात मजदूरों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
बिना अनुमति और एनओसी के चलाई जा रही फैक्ट्री
जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री बिना जरूरी अनुमति और एनओसी के चलाई जा रही थी। हादसे के बाद सामने आया कि यूनिट करीब एक महीने से संचालित हो रही थी और यहां सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। मृतक सभी मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनके शवों की पहचान डीएनए जांच के बाद परिजनों को सौंपी जाएगी।
पुलिस जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री संचालकों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। हादसे में घायल मजदूरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी अवैध गतिविधि लंबे समय तक चलती रही, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मृतकों के परिवार को मुआवजे की घोषणा
राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है, वहीं औद्योगिक क्षेत्र में चल रही फैक्ट्रियों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू करने की बात कही गई है।












