Bhopal assault parking dispute: भोपाल में पार्किंग विवाद को लेकर युवती से मारपीट का आरोप, एफआईआर दर्ज; मंत्री विश्वास सारंग बोले– दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

3 Min Read

Bhopal assault parking dispute

भोपाल, एजेंसियां। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पार्किंग विवाद को लेकर एक युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता पूर्णिमा दुबे ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, बाल खींचे और उसके भाई के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना 15 जनवरी की बताई जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी है।

पीड़िता ने सोशल मिडिया पर वीडियो अपलोड कर बताया

पीड़िता द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो में उसने बताया कि वह भोपाल के कल्पना नगर इलाके में रहती है और एक स्टूडेंट है। उसके अनुसार, मदरसे के पास वाहन पार्क करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर उससे ₹1000 की मांग की। विवाद बढ़ने पर अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट हुई। युवती का आरोप है कि हमलावरों ने उसके दोस्तों को भी रॉड और बेल्ट से मारा।

पुलिस कार्रवाई और जांच

पीड़िता और उसके साथियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए लेकर गई। मेडिकल रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि होने के बाद बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का पक्ष

मोहल्ले के कुछ लोगों का कहना है कि मामला पार्किंग विवाद से जुड़ा है और इसे सांप्रदायिक रंग देना सही नहीं है। उन्होंने भी किसी महिला के साथ इस तरह के व्यवहार की निंदा की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग का बयान

मामले पर मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा, “इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर से बात हुई है। अगर किसी ने कानून हाथ में लिया है तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।” पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article