Bharat Taxi: 1 जनवरी से लॉन्च होगी सरकार की नई टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’

2 Min Read

Bharat Taxi

नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली में नए साल के साथ यात्रियों को एक नया और भरोसेमंद टैक्सी विकल्प मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार की पहल पर देश की पहली कोऑपरेटिव टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ 1 जनवरी 2026 से अपना मोबाइल ऐप लॉन्च करेगी। इस सेवा के शुरू होने से ओला, उबर और रैपिडो जैसे निजी प्लेटफॉर्म्स के अलावा यात्रियों के पास एक सरकारी सहयोग वाली किफायती और पारदर्शी टैक्सी सेवा उपलब्ध होगी।

यात्रियों के लिए क्या खास

भारत टैक्सी ऐप के जरिए ऑटो-रिक्शा, कार और बाइक टैक्सी बुक की जा सकेगी। इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी, यानी पीक ऑवर्स, बारिश या त्योहारों के समय किराया अचानक नहीं बढ़ेगा। किराया दरें स्थिर और पारदर्शी होंगी, जिससे यात्रियों को जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

ड्राइवरों के हितों पर फोकस

भारत टैक्सी को ड्राइवरों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। इस प्लेटफॉर्म पर ड्राइवरों को कुल किराए का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मिलेगा, जो निजी ऐप्स की तुलना में ज्यादा है। दिल्ली में अब तक करीब 56 हजार ड्राइवर इस सेवा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

सुरक्षा और सुविधा

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐप में रियल-टाइम ट्रैकिंग, केवल वेरिफाइड ड्राइवर, 24×7 कस्टमर सपोर्ट और पारदर्शी बिलिंग की सुविधा होगी। कैश और डिजिटल दोनों तरह के पेमेंट विकल्प उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा, ऐप को कई भारतीय भाषाओं में लॉन्च किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका इस्तेमाल कर सकें।

सरकार का मानना है कि भारत टैक्सी यात्रियों, ड्राइवरों और बाजार—तीनों के लिए संतुलित समाधान पेश करेगी। यदि दिल्ली में यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में इसे देश के अन्य बड़े शहरों में भी लागू किया जा सकता है।

Share This Article