Anurag Kashyap Epstein files
मुंबई, एजेंसियां। अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के नए खुलासों के बीच फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप का नाम भी चर्चा में आ गया है। हालांकि कश्यप ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उनके नाम का इस्तेमाल गलत तरीके से किया जा रहा है।
“मशहूर बॉलीवुड डायरेक्टर”
ऑनलाइन सामने आए एक कथित ईमेल में अनुराग कश्यप को “मशहूर बॉलीवुड डायरेक्टर” बताते हुए दावा किया गया था कि उन्होंने 2017 में बीजिंग में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग कश्यप ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और वह अपने जीवन में कभी बीजिंग नहीं गए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें हर महीने कई स्पीकर इनविटेशन मिलते हैं, जिनमें से अधिकांश का वह जवाब नहीं देते।
कश्यप ने सर्कुलेट हो रहे दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह एक रैंडम ईमेल है, जो खुद ही सब कुछ बता रहा है। मेरे नाम पर क्लिकबेट मेरी फिल्मों से ज्यादा पॉपुलर हैं।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की जा रही है।
एपस्टीन से जुड़े लाखों पन्नों में क्या है?
दरअसल, अमेरिकी न्याय विभाग ने हाल ही में एपस्टीन से जुड़े लाखों पन्नों के अतिरिक्त दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं। इन रिकॉर्ड्स में एपस्टीन के अपराधों और कई प्रभावशाली लोगों से जुड़े विवरण शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 5 मिलियन से ज्यादा पन्नों की समीक्षा की जा चुकी है, जिनमें इंटरव्यू नोट्स, फोन लॉग, तस्वीरें और अदालत से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।
इन खुलासों के बाद दुनिया भर में एपस्टीन नेटवर्क को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं अनुराग कश्यप ने साफ किया है कि उनके नाम को इस विवाद से जोड़ना गलत और भ्रामक है।








