AFCAT 2026:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय वायु सेना (IAF) ने वायु सेना कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज, 17 नवंबर 2025 से शुरू कर दी है। इंडियन एयर फोर्स में अधिकारी बनने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट afcat.edcil.co.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष AFCAT के माध्यम से फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी की तकनीकी तथा गैर-तकनीकी शाखाओं में कुल 328 रिक्तियां भरी जाएंगी।
आवेदन प्रक्रिया 14 दिसंबर तक:
आवेदन प्रक्रिया 14 दिसंबर 2025 तक खुली रहेगी। वहीं परीक्षा का आयोजन 31 जनवरी 2026 को किया जाएगा। पात्रता मानदंडों में आयु सीमा सबसे महत्वपूर्ण है। फ्लाइंग ब्रांच के लिए आवेदकों की आयु 1 जनवरी 2027 तक 20 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि वैध CPL लाइसेंस धारकों को 26 वर्ष तक की छूट मिल सकती है। ग्राउंड ड्यूटी (तकनीकी एवं गैर-तकनीकी) शाखा के लिए उम्मीदवारों की आयु 20 से 26 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मानकों और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आवेदन शुल्क:
AFCAT 2026 के लिए आवेदन शुल्क 550 रुपये और लागू जीएसटी है, जिसका भुगतान केवल ऑनलाइन मोड—डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग—के माध्यम से ही किया जा सकेगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, उसके बाद लॉग इन कर आवेदन पत्र भरना होगा और शुल्क जमा करना होगा। सभी विवरणों की पुष्टि करने के बाद आवेदन सबमिट किया जा सकता है। फॉर्म सबमिट होने के बाद उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन की एक प्रति सुरक्षित रख लें। अफसर एंट्री की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।

















