Landslide in Katra:
कटरा, एजेंसियां। हाल ही में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण माता वैष्णो देवी क्षेत्र में गंभीर स्थिति बनी हुई है। इसी बीच कटरा प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में स्थित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को तत्काल खाली करने का आदेश जारी किया है। यह कदम तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
एसडीएम पीयूष धोत्रा ने कहा
कटरा के एसडीएम पीयूष धोत्रा ने कहा है कि बालिनी पुल से दर्शनी ड्योढ़ी तक और बालिनी पुल से एशिया चौक तक के क्षेत्र में स्थित होटल, धर्मशाला और अन्य व्यवसायों को तुरंत खाली किया जाए। पिछले कुछ दिनों में इस इलाके में भारी भूस्खलन और सड़कों के धंसने की घटनाएं हुई हैं, जिससे यहां की संरचनाएं असुरक्षित हो गई हैं।
प्रशासन ने दी चेतावनी
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी प्रतिष्ठान इस आदेश का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 223 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इन प्रतिष्ठानों को तभी पुनः खोलने की अनुमति मिलेगी जब वे लोक निर्माण विभाग से सुरक्षा प्रमाण पत्र प्राप्त कर लेंगे।वहीं, माता वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा भी लगातार छठे दिन खराब मौसम के चलते स्थगित है। 26 अगस्त को हुए भूस्खलन में 34 यात्रियों की जान जाने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।प्रशासन का यह कड़ा कदम दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें
