Asia Cup 2025:
नई दिल्ली, एजेंसियां। एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाले महामुकाबले को लेकर फैंस की दिलचस्पी कम होने से एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) चिंता में है। अब तक टूर्नामेंट में खेले गए तीन मैचों के दौरान स्टेडियम में दर्शकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए भी केवल आधे टिकट बिक पाए हैं।
आकाश चोपड़ा ने किया बड़ा दावा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस स्थिति की बड़ी वजह टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा की अनुपस्थिति बताई। उनके अनुसार, ये दोनों खिलाड़ी स्टेडियम में दर्शकों को आकर्षित करते हैं। आकाश ने कहा कि जब विराट कोहली रणजी ट्रॉफी में खेले थे, तब स्टेडियम भर गया था। अगर दोनों खिलाड़ी उपस्थित होते, तो दर्शकों की संख्या दोगुनी या उससे अधिक हो सकती थी।
दर्शकों की संख्या और टूर्नामेंट पर असर
चोपड़ा ने बताया कि बांग्लादेश, भारत और अफगानिस्तान के मैचों में स्टेडियम में दर्शकों की संख्या अपेक्षित स्तर से कम रही। उनका कहना है कि यह कम बिक्री टिकट की कीमत या UAE में कामकाजी समय के कारण नहीं हुई, बल्कि मुख्य कारण कोहली और रोहित की गैरमौजूदगी है।
टीम इंडिया के स्टार्स की अहमियत
पूर्व क्रिकेटर ने यह भी कहा कि फैंस को इन दिग्गज खिलाड़ियों को लाइव देखने का अवसर कम ही मिलता है, इसलिए उनकी अनुपस्थिति टूर्नामेंट की लोकप्रियता पर सीधा असर डाल रही है। आकाश का मानना है कि अगर विराट और रोहित खेलते, तो स्टेडियम में कम से कम 10,000 से 15,000 लोग अतिरिक्त देख सकते थे।
इसे भी पढ़ें
