Himachal bus accident: हिमाचल में बस पर पहाड़ी से मलबा गिरा, 15 लोगों की मौत

3 Min Read

Himachal bus accident:

बिलासपुर, एजेंसियां। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक यात्री बस पर पहाड़ से मलबा गिर गया। न्यूज एजेंसी PTI ने इस हादसे में 18 लोगों की मौत का दावा किया, जबकि SP ने 15 मौतों की पुष्टि की है। बस में दबे 2 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। हादसे के तुरंत बाद SDRF, पुलिस और लोकल लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची।

आज परिजनों को सौंपे जायेंगे शवः

बिलासपुर के SP संदीप धवल ने बताया कि मृतकों में 9 पुरुष, 4 महिलाएं, 2 लड़के शामिल हैं, जबकि दो बच्चे घायल (एक लड़का और एक लड़की) है। मृतकों के शवों का आज बरठीं के अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

24 घंटे से लगातार बारिशः

बिलासपुर समेत हिमाचल के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह से बरसात हो रही है। इसी वजह से शाम 6:25 बजे बरठीं के पास भलू में अचानक पहाड़ का मलबा बस पर आ गिरा। यह बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी।
मलबा इतना अधिक था कि हादसे के बाद बस की केवल छत नजर आ रही थी। स्थानीय लोगों की सूचना के तुरंत बाद पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंच गया।

PM मोदी ने जताया शोकः

PM नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा- हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में जान-माल की हानि से गहरा दुख हुआ है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।

मृतकों को 2-2 लाख का मुआवजाः

उन्होंने आगे लिखा- प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

हादसे में इन लोगों की हुई मौतः

हादसे में शरीफ खान, रजनीश कुमार, चुन्नी लाल, सोनू, बख्शी राम, नरेंद्र शर्मा, कृष्ण लाल, नक्ष, प्रवीण कुमार, अंजना देवी, आरव, कांता देवी, विमला, कमलेश और संजीव कुमार की मौत हो गई।

वहीं आरुषि और शौर्य घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इसे भी पढ़ें

Odisha Bus Accident: ओडिशा में तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 20 से अधिक घायल; 5 की हालत गंभीर


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं