ईरान युद्ध का असर: लखनऊ एयरपोर्ट से 8 उड़ानें रद्द, 450 से अधिक यात्रियों ने टिकट कैंसिल किए

2 Min Read

Iran war impact

लखनऊ, एजेंसियां। ईरान पर हमले और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। गुरुवार को दुबई, अबुधाबी और दम्माम जाने-आने वाली 8 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसके कारण 450 से अधिक यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कराए। एयरलाइनों की ओर से यात्रियों को करीब 2.25 लाख रुपये का रिफंड दिया गया है।

जानकारी के अनुसार

जानकारी के अनुसार, ईरान और दुबई के एयरस्पेस बंद होने से उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। जिन उड़ानों को रद्द किया गया उनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की कई फ्लाइटें शामिल हैं। इनमें दुबई के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX-193, अबुधाबी के लिए इंडिगो की 6E-1415, दम्माम के लिए 6E-097 समेत कई आने-जाने वाली फ्लाइटें शामिल हैं।

उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशानी

उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री अपने टिकट के रिफंड के लिए भी परेशान नजर आए। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइनों और एजेंटों के बीच समन्वय की कमी के कारण पैसे वापस मिलने में देरी हो रही है।

वहीं, पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर बाजार पर भी पड़ने लगा है। रमजान के बीच खजूर की मांग बढ़ने और आयात को लेकर अनिश्चितता के कारण बाजार में खजूर की कीमतों में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि अगर हालात लंबे समय तक ऐसे ही रहे तो आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं।

Share This Article