Arjun Tendulkar wedding: अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंदोक की शाही शादी, क्रिकेट-बॉलीवुड सितारों का लगा जमावड़ा

4 Min Read

Arjun Tendulkar wedding

मुंबई, एजेंसियां। मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने सानिया चंदोक के साथ सात फेरे लिए। इस ग्रैंड वेडिंग में क्रिकेट, बिजनेस और बॉलीवुड जगत की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। शादी का आयोजन बेहद शानदार अंदाज में किया गया, जहां मेहमानों की लंबी लिस्ट और भव्य सजावट ने समारोह को और खास बना दिया।

क्रिकेट जगत के दिग्गजों की मौजूदगी

अर्जुन और सानिया की शादी में क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हुए। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ समारोह में पहुंचे। वहीं, पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ भी पत्नी विजेता द्रविड़ के साथ इस खास मौके का हिस्सा बने।इसके अलावा सुरेश रैना पत्नी प्रियंका रैना, इरफान पठान पत्नी सफा बेग, युवराज सिंह पत्नी हेजल कीच और अजिंक्य रहाणे पत्नी राधिका के साथ शादी समारोह में नजर आए। भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी पत्नी गीता बसरा के साथ पहुंचे। वहीं, पृथ्वी शॉ अपनी गर्लफ्रेंड आकृति अग्रवाल के साथ समारोह में दिखाई दिए।श्रेयस अय्यर और अमान खान भी इस भव्य आयोजन में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

बॉलीवुड और बिजनेस जगत की हस्तियों की मौजूदगी

इस शाही शादी में बॉलीवुड और बिजनेस जगत की कई मशहूर हस्तियों ने भी हिस्सा लिया। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन पत्नी जया बच्चन के साथ समारोह में पहुंचे। वहीं, अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन भी शादी में शामिल हुए।देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी और नीता अंबानी भी इस मौके पर मौजूद रहे। उनके साथ आकाश अंबानी और श्लोका मेहता भी पहुंचे और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह भी समारोह में शामिल हुए और मेहमानों का अभिवादन किया।

प्री-वेडिंग समारोह भी रहे चर्चा में

शादी से पहले अर्जुन और सानिया की मेहंदी और अन्य प्री-वेडिंग कार्यक्रम भी खूब चर्चा में रहे। इन समारोहों में भी कई क्रिकेटर्स और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। सोशल मीडिया पर मेहंदी सेरेमनी के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हुई थीं।

अगस्त 2025 में हुई थी सगाई

अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंदोक की सगाई अगस्त 2025 में हुई थी। सानिया एक सफल उद्यमी हैं और मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति रवि घई की पोती बताई जाती हैं। वह लंबे समय से तेंदुलकर परिवार के करीबी दायरे का हिस्सा रही हैं।

क्रिकेट में अपनी पहचान बना रहे अर्जुन

अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उन्होंने मुंबई से करियर की शुरुआत की और बाद में गोवा के लिए गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में खेले। रणजी ट्रॉफी में डेब्यू मैच में शतक लगाकर उन्होंने सभी को चौंका दिया था। आईपीएल में वह पहले मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, लेकिन हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है।

Share This Article