BSNL Recruitment
नई दिल्ली, एजेंसियां। सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने वर्ष 2026 के लिए सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (SET) पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस भर्ती के तहत कुल 120 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
कुल 120 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 120 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें से 95 पद टेलीकॉम स्ट्रीम के लिए और 25 पद फाइनेंस स्ट्रीम के लिए निर्धारित किए गए हैं। टेलीकॉम स्ट्रीम में इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जबकि फाइनेंस स्ट्रीम के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट या कॉस्ट मैनेजमेंट अकाउंटेंट की योग्यता जरूरी है।यह भर्ती उन युवाओं के लिए अच्छा अवसर मानी जा रही है जो सरकारी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।
आवेदन की तिथि और परीक्षा कार्यक्रम
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 फरवरी 2026 से शुरू हुई थी और यह 7 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को अपने आवेदन फॉर्म में सुधार का भी मौका मिलेगा।सुधार विंडो 8 मार्च से 15 मार्च 2026 तक खुली रहेगी। इसके बाद कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन 29 मार्च 2026 को संभावित रूप से किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता
टेलीकॉम स्ट्रीम के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास फुल-टाइम बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। उम्मीदवारों ने कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ अपनी पढ़ाई पूरी की हो। अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे निर्धारित समय तक अपनी डिग्री पूरी कर लें।इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस, आईटी और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग जैसे विषयों में डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन के पात्र होंगे। वहीं फाइनेंस स्ट्रीम के लिए उम्मीदवार का CA या CMA होना अनिवार्य है।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण में दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार BSNL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी जानकारी सही और सावधानीपूर्वक भरना जरूरी है, क्योंकि गलत जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।








