Anurag Doval statement: “यह मेरा आखिरी वीडियो है …” मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल के बयान से मचा हड़कंप, पुलिस अलर्ट

4 Min Read

Anurag Doval statement

देहरादून, एजेंसियां। उत्तराखंड के मशहूर यूट्यूबर और बाइकर अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर यूके 07 राइडर के नाम से जाना जाता है, इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो पोस्ट किया, जिसे उन्होंने अपना “आखिरी वीडियो” बताया। इस वीडियो में उन्होंने अपने पारिवारिक रिश्तों में आई परेशानियों का जिक्र किया और मानसिक तनाव की बात कही। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और उनके फैंस के बीच चिंता बढ़ गई।

वीडियो में भावुक नजर आए अनुराग

वायरल वीडियो में अनुराग डोभाल कई बार भावुक होकर रोते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि इंसान जीवन में चाहे कितना भी पैसा कमा ले, यह जरूरी नहीं कि उसे खुशी भी मिले। उन्होंने स्टारडम और प्रसिद्धि के दबाव के बारे में भी खुलकर बात की। उनके मुताबिक, प्रसिद्धि जितनी आकर्षक लगती है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी और कभी-कभी अभिशाप भी बन जाती है।

वीडियो में उन्होंने अपने पारिवारिक रिश्तों में आई समस्याओं का भी जिक्र किया। अनुराग ने कहा कि उन्हें अपने ही घर में अपनों से दुख मिला है और पिछले कुछ समय से वे मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि मानसिक प्रताड़ना के कारण उन्होंने कई बार आत्महत्या का प्रयास करने के बारे में सोचा।

फैंस के बीच बढ़ी चिंता

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, उनके फैंस और फॉलोअर्स के बीच चिंता की लहर दौड़ गई। कई लोगों ने कमेंट के जरिए उनका समर्थन किया और उन्हें हिम्मत रखने की सलाह दी। अनुराग डोभाल के करीबी लोगों के मुताबिक, वह पिछले कुछ महीनों से काफी परेशान चल रहे थे और सोशल मीडिया से भी लगभग दूर हो गए थे।

पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान

वीडियो वायरल होने के बाद उत्तराखंड पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अनुराग डोभाल का घर देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में है। ग्रामीण क्षेत्र की एसपी जया बलूनी ने बताया कि फिलहाल अनुराग उत्तराखंड में नहीं हैं और पिछले कुछ समय से राज्य से बाहर हैं।जानकारी के मुताबिक, उनका मनाली में एक रिजॉर्ट है और वह फिलहाल वहीं मौजूद हैं। यह वीडियो भी उन्होंने वहीं से पोस्ट किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के बाद उनकी काउंसलिंग कराने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग

अनुराग डोभाल सोशल मीडिया की दुनिया में एक बड़ा नाम हैं। यूट्यूब पर उनके करीब 7.8 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर लगभग 6.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर भी उन्हें करीब 1.5 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। हाल ही में रियलिटी शो Bigg Boss 17 में नजर आने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई थी।

Share This Article